हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। सोलन–सपाटू मार्ग पर देवठी के पास सुबह तड़के ही आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब पौने चार बजे अचानक मौसम बदला, हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई और इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिर पड़ी।
इस हादसे में 55 से ज्यादा भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। ये भेड़-बकरियां किन्नौर जिले के भाबा क्षेत्र से आए भेड़ पालकों की थीं, जो अपने पशुओं के साथ इस इलाके में ठहरे हुए थे। बारिश शुरू होने पर जब भेड़ पालक टेंट लगाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक ये हादसा हो गया। घटना के वक्त मौके पर मौजूद भेड़ पालक बाल-बाल बच गए।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ पल के लिए सभी सहम गए। इन भेड़ पालकों के पास कुल करीब 650 भेड़-बकरियां थीं, जिनमें से 55 से अधिक की जान चली गई। भेड़ पालकों का कहना है कि पशुधन ही उनकी रोज़ी-रोटी का एकमात्र सहारा है और इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने सरकार और जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके। फिलहाल प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।










