मंडी जिला में मानसून की तबाही के बाद अभी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर शिमला लौटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सुक्खू सरकार को आड़े हाथों लिया है और कहा है कि सरकार आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए गंभीरता दिखाए। आपदा के आठ दिन बीत जाने के बाद भी लोगों के लिए पीने का पानी और सड़कों की बहाली सरकार नहीं कर पाई है जो बेहद चिंताजनक है।
राजीव बिंदल ने कहा कि मंडी जिला में बादल फटने की घटनाओं में लगभग 1000 घर बर्बाद हुए हैं जिसमें 2से 300 घर पूरी तरह तबाह हुए हैं और अभी भी 28 लोग लापता चल रहे हैं।क्षेत्र में सड़न की बदबू फैल रही है जिससे बीमारियां भी पनप सकती हैं। पानी की स्कीमें बाधित है पीने के लिए पानी नहीं है लोग गंदा पानी पी रहे हैं। आपदा प्रभावितों की पुनर्स्थापना के लिए कोई कार्य नहीं हो रहा है।2023 की आपदा में भी सरकार ने जमीन देने की बात कही थी वह आज तक प्रभावितों को नहीं मिली है। सरकार की गंभीरता पर प्रश्न चिन्ह उठ रहे हैं।आठ दिन के बाद भी मलवा न उठना, पीने का पानी न होना चिंता की बात है। भाजपा के लोग काम जुटे हैं लेकिन सरकार भी राहत कार्य में तेजी दिखाए।










