सोलन के जौणाजी रोड और कालाघाट क्षेत्र के समीप जंगलों में लगी भीषण आग ने इलाके में भारी नुकसान पहुंचाया है। आग की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ मिलकर आग बुझाने में जुटे रहे। जानकारी के अनुसार आग अचानक जंगल में भड़क उठी और तेज हवाओं तथा सूखे मौसम के कारण तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग की लपटें आसपास खड़े वाहनों तक पहुंच गईं, जिससे एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक अन्य बाइक पूरी तरह जल गई। स्थानीय निवासियों ने इस घटना को बड़ा आर्थिक नुकसान बताया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।









