Home हिमाचल प्रदेश पेट्रोल-डीजल फिर महंगा- जयराम का सुक्खू सरकार पर हमला- 10वीं बोर्ड परीक्षा...

पेट्रोल-डीजल फिर महंगा- जयराम का सुक्खू सरकार पर हमला- 10वीं बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा- कुल्लू में हनीट्रैप का बड़ा खेल- रिज पर हुक्के की महफ़िल- हिमाचल में फिर बढ़ेगी गर्मी

23
0
Him Runner

1. देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। महज 10 दिनों के भीतर यह तीसरी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। इस बार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पेट्रोल की कीमत अब 100 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर चुकी है। शिमला में पेट्रोल 100 रुपये 01 पैसे और डीजल 92 रुपये 17 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतें बढ़ने का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। मालभाड़ा महंगा होगा, जिससे फल, सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं। इसके अलावा बसों, ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के किराए में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। सेब सीजन से पहले बढ़े ईंधन के दाम हिमाचल के बागवानों के लिए भी चिंता का विषय बन गए हैं, क्योंकि ढुलाई लागत बढ़ने से उनकी लागत पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण तेल कंपनियों ने यह फैसला लिया है। अगर क्रूड ऑयल के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल और महंगे हो सकते हैं। 

2. नेता प्रतिपक्षजयरामठाकुर ने मुख्यमंत्रीसुखविंद्रसिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। मंडी में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार चुनावों को प्रभावित करने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को साढ़े तीन साल में भी पूरा नहीं कर पाई, लेकिन निकाय चुनावों के दौरान दो लाख रुपये से कम आय वाली महिलाओं को 1500 रुपये देने का कैबिनेट फैसला लिया गया। जयराम ठाकुर ने इसे सीधे तौर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया और कहा कि सरकार चुनावी लाभ लेने के लिए फैसले कर रही है। वहीं कांगड़ा में भाजपा नेताओं के बीच चल रही खींचतान पर उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव के दौरान बागी गतिविधियों पर पार्टी की नजर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

Jeevan Ayurveda Clinic

3. हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बिलासपुर जिले के झंडूता परीक्षा केंद्र में छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने की पुष्टि फॉरेंसिक जांच में हुई है, जिसके बाद शिक्षा विभाग और बोर्ड में हड़कंप मच गया है. मामला मार्च 2025 में आयोजित मैट्रिक परीक्षा से जुड़ा है। राजकीय उच्च पाठशाला जेओरा के कुछ छात्रों को अपने एमसीक्यू प्रश्नों के उत्तरों में गड़बड़ी का संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने सीधे स्कूल शिक्षा बोर्ड से शिकायत की। छात्रों की शिकायत पर बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा, जहां छेड़छाड़ की पुष्टि हो गई। जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षा कॉपियों को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले टैंपर-प्रूफ लिफाफों तक की अदला-बदली की गई। नए लिफाफों के सीरियल नंबर रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहे थे, जिससे पूरे मामले में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है ,स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा है कि इस गड़बड़ी में छात्रों का कोई दोष नहीं है और उनके शैक्षणिक हितों की रक्षा की जाएगी। प्रभावित विद्यार्थियों को नियमानुसार पूरा लाभ दिया जाएगा। वहीं बोर्ड ने पूरी रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंप दी है। अब देखना होगा कि इस मामले में शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है। अगली खबर…. कुल्लू जिले से हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो महिलाओं और एक युवक पर एक स्थानीय किसान से करीब 11 लाख रुपये की उगाही करने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित गोविंद सिंह को एक महिला ने फोन कर भुंतर स्थित अपने कमरे में बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से रची गई साजिश के तहत महिला के साथी भी पहुंच गए और युवक को झूठे मामले में फंसाने तथा बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पहले नकदी ली और फिर उसका एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर कई बार पैसे निकाले। लगातार धमकियों और दबाव के बीच उससे करीब 11 लाख रुपये की वसूली की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद भुंतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से करीब ढाई लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार तो नहीं बनाया। 

4. शिमला के रिज मैदान पर हरियाणा से आए चार पर्यटक खुलेआम हुक्का पीते हुए पकड़े गए। पर्यटक पेड़ की छांव में बैठकर हुक्के की महफिल जमाए हुए थे, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें सार्वजनिक स्थल पर हुक्का पीने से रोक दिया। इस दौरान रिज पर मौजूद लोगों ने भी पर्यटकों की इस हरकत पर नाराजगी जताई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रतिबंध है। पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। हिमाचल आने वाले हर पर्यटक का स्वागत है, लेकिन यहां के कानून, संस्कृति और पर्यटन स्थलों की गरिमा का सम्मान करना भी जरूरी है।

5. किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में ड्यूटी पर तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल को एक बोलेरो कैंपर ने टक्कर मार दी, जिससे वह करीब 8 से 10 फीट दूर जाकर गिरीं। यह पूरी घटना रिकांगपिओ चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कांस्टेबल प्रिया नेगी ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए चौक पर पहुंचती हैं और वाहनों को आगे बढ़ने का इशारा करती हैं। इसी दौरान सामने से आ रही एक बोलेरो कैंपर उन्हें टक्कर मार देती है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग महिला कॉन्स्टेबल की मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं और उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में चालक की लापरवाही भी साफ दिखाई दे रही है। हालांकि, रिकांगपिओ थाना प्रभारी प्रवीण के अनुसार इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है, जिसके चलते कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। 

6. चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस चालक और एक यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सोलन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, बस सोलन से शिमला की ओर जा रही थी। इसी दौरान सलोगड़ा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस पैराफिट तोड़ते हुए एक लेन से दूसरी लेन में जा पहुंची, जिसके बाद वह पलट गई। गनीमत यह रही कि जिस लेन में बस पहुंची, उस समय वहां से कोई दूसरा वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के समय बस में करीब 10 से 12 यात्री सवार थे। घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फोरलेन निर्माण कंपनी के अधिकारी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में सहयोग किया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। 

7. हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से तेज धूप खिली रही, जिससे गर्मी का असर बढ़ गया। राजधानी शिमला में भी दिनभर लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा, हालांकि शाम के समय हल्की बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 मई को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने वाला है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 26 मई के लिए ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 मई को भी कई क्षेत्रों में लू चल सकती है, जबकि 28 मई से मौसम फिर बदलने के आसार हैं और प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रे में बर्फबारी तथा कई इलाकों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब एक बार फिर गर्मी अपना असर दिखाने लगी है। ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी और हीटवेव से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here