Home राजनीतिक सेना की कार्रवाई पर हिमाचल को गर्व, सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट

सेना की कार्रवाई पर हिमाचल को गर्व, सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट

204
0
Him Runner

पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की जवाबी कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। हिमाचल प्रदेश में भी इसके मद्देनज़र मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने आज प्रस्तावित बंजार दौरा रद्द कर दिया है। ताजा हालात की समीक्षा और सुरक्षा रणनीति तय करने के लिए उन्होंने प्रदेश सचिवालय में एक आपातकालीन उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी सहित सुरक्षा से जुड़े तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपातकालीन बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमें भारतीय सेना पर गर्व है। सेना के तीनों अंगों ने जिस प्रकार दबाव के बीच धैर्य, संयम और सटीक कार्रवाई का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। हिमाचल प्रदेश की जनता सेना के साथ खड़ी है और इस कार्रवाई में देश के साथ पूरी एकजुटता दिखा रही है। हिमाचल हमेशा से देश सेवा और बलिदान की भूमि रहा है। देश के सबसे अधिक परमवीर चक्र विजेता हिमाचल से हैं। हिमाचल के वीर जवानों और शहीदों का इतिहास गौरवशाली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में पहल गांव में हुए आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की हत्या की गई, जिसका सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। हिमाचल की जनता इस कार्रवाई को देखकर गर्व और संतोष महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संदर्भ में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, क्योंकि प्रदेश के कुछ क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट हैं। सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन पूरी सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन को पूरी तरह से चौकन्ना रहने को कहा गया है। यदि कोई भी दुश्मन देश कोई भी कार्रवाई करता है, तो उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए हम तैयार हैं। जिला अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सरकार ने तकनीकी संसाधनों के माध्यम से खुफिया इनपुट जुटाने की प्रक्रिया को और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और उकसाने वाली सामग्री को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शत्रु देश द्वारा फैलाए जाने वाले फर्जी प्रचार से सावधान रहना आवश्यक है। इसके लिए भी विशेष निगरानी व्यवस्था की जा रही है। आज शाम एक मॉक ड्रिल का आयोजन भी शिमला में किया जा रहा है ताकि किसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी परख सकें। जहां-जहां बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम हो रहे हैं, वहां विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए जा रहे हैं। बॉर्डर से सटे स्कूलों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। ज़रूरत के अनुसार, जिला प्रशासन इन स्कूलों को लेकर आगे का निर्णय लेगा। हिमाचल सरकार पूरी सतर्कता और गंभीरता से स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।

Jeevan Ayurveda Clinic
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here