हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र की माशू पंचायत में इस बार लोगों ने एक नई नवेली बहू को पंचायत प्रधान चुना है। खास बात यह है कि सुरेखा चौहान की शादी को अभी सिर्फ एक महीना ही हुआ है और अब वह पंचायत की नई प्रधान बन गई हैं।
https://www.facebook.com/share/v/18mcj6uMJx
25 वर्षीय सुरेखा चौहान ने प्रधान पद का चुनाव करीब 98 वोटों से जीतकर शानदार सफलता हासिल की। माशू पंचायत इस बार अनुसूचित महिला वर्ग के लिए आरक्षित थी, जिसके बाद सुरेखा चुनावी मैदान में उतरीं और लोगों का भरोसा जीत लिया।
सुरेखा चौहान पढ़ी-लिखी युवा महिला हैं। उन्होंने हिस्ट्री विषय में एमए की पढ़ाई की है। उनके पति करण जल शक्ति विभाग में कार्यरत हैं।
दिलचस्प बात यह भी है कि सुरेखा के मायके वाली पंचायत में चुनाव निर्विरोध हुए, जबकि ससुराल की पंचायत में उन्होंने चुनाव लड़कर जीत दर्ज की। एक तरफ घर में नई बहू के स्वागत की खुशियां थीं, वहीं दूसरी तरफ प्रधान बनने का जश्न भी मनाया गया।
प्रधान चुने जाने के बाद सुरेखा चौहान ने पंचायत की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी और पंचायत के विकास को प्राथमिकता देंगी।
गिरिपार क्षेत्र में सुरेखा चौहान की जीत अब चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे पढ़ी-लिखी युवा महिलाओं के नेतृत्व और बदलते समाज की सकारात्मक तस्वीर के रूप में देख रहे हैं।










