मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर सभी मेडिकल कॉलेजों में उल्लेखनीय सुधार होंगे। उन्होंने कहा कि अब लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि चमियाना और टांडा में रोबोटिक सर्जरी शुरू की जा चुकी है और धीरे-धीरे यह सुविधा अन्य कॉलेजों में भी उपलब्ध कराई जाएगी। सभी कॉलेजों में स्टाफ, उपकरण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सीएम ने निर्देश दिए कि चमियाना, हमीरपुर और चंबा में 25-25 करोड़ की लागत से स्वचालित प्रयोगशालाएं स्थापित होंगी। चंबा मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक इस साल अक्तूबर तक पूरा होगा और शैक्षणिक ब्लॉक के लिए 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
उन्होंने घोषणा की कि नाहन, हमीरपुर, कुल्लू और चंबा में अगले शैक्षणिक सत्र से नर्सिंग कॉलेज शुरू होंगे। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर-रोगी और नर्स-रोगी अनुपात अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाएगा।










