हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को आयोजित ‘अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह 2025’ में राज्य के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम शिमला स्थित राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में संपन्न हुआ, जहां प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर SVN पब्लिक स्कूल की छात्रा शगुन को कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 10वां स्थान प्राप्त करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षा मंत्री ने स्वयं मंच पर बुलाकर शगुन को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र भेंट कर उसकी उपलब्धि की सराहना की।
शगुन की यह सफलता न केवल उसके कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि SVN पब्लिक स्कूल के लिए भी एक गर्व का क्षण है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस मौके पर शगुन को शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि शगुन शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और उसने अनुशासन, मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वह अब आगे की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।










