नौहराधार: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नौहराधार क्षेत्र के तलांगना गांव में देर रात करीब तीन बजे एक घर में भीषण आग लग गई, जिसमें छह लोगों की जिंदा जलकर मौ.त हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं।
इस हादसे में एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकालकर इलाज के लिए राजगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है। आग मोहन लाल के घर में लगी, जहां सभी मृतक मेहमान बनकर आए हुए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से भड़की, जिसके बाद घर में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में कुछ पालतू मवेशियों के भी जलने की सूचना है।

घटना की पुष्टि करते हुए सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा और एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। यह क्षेत्र अति दुर्गम है और मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण जानकारी जुटाने में कठिनाई हो रही है।










