Home शिमला हिमाचल में लगातार बारिश का कहर: सोलन और सिरमौर के सभी स्कूल...

हिमाचल में लगातार बारिश का कहर: सोलन और सिरमौर के सभी स्कूल बंद, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

103
0
Him Runner

हिमाचल में लगातार बारिश का कहर: सोलन और सिरमौर के सभी स्कूल बंद, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। भारी वर्षा को देखते हुए सोलन और सिरमौर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला उपायुक्तों द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा, जबकि टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ को पूर्व निर्धारित समय पर संस्थानों में उपस्थित रहना होगा।

Jeevan Ayurveda Clinic

कालाअंब में जलभराव, शिमला में गाड़ियों को नुकसान

सिरमौर जिले के कालाअंब क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं शिमला जिले में गुरुवार से लगातार बारिश जारी है। राजधानी के उपनगर विकासनगर में देर रात पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर गिरे बड़े पत्थर

लगातार बारिश के चलते चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर कंडाघाट और वाकनाघाट के बीच पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। एक विशाल चट्टान दूसरी लेन तक पहुंच गई, जिससे कुछ समय के लिए खतरे की स्थिति बनी रही। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है।

मौसम विभाग का ताजा अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ताजा वर्षा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शिमला और सिरमौर में बहुत भारी बारिश, सोलन में मध्यम से तेज बारिश तथा कुल्लू, मंडी, किन्नौर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर में सामान्य से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

प्रशासन की अपील

मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनुसार प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here