नाहन, सिरमौर। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सिरमौर लायक राम वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में ‘मेरा युवा भारत (माय भारत)’ कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए गठित जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम लायक राम वर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर युवा विकास कार्यक्रमों को योजनाबद्ध ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला युवा सलाहकार समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना, उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना तथा ‘माय भारत’ अभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि समिति जिला की वार्षिक युवा कार्य योजना तैयार करने और उसे प्रभावी रूप से लागू करने का कार्य करेगी। साथ ही युवाओं को ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
एडीएम ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार सिरमौर जिले की कुल जनसंख्या 5,29,855 है, जिसमें लगभग 1.95 लाख युवा शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 30 जून 2026 तक जिले के 16,856 युवाओं ने ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण कराया है। वहीं 15 अगस्त 2026 तक 23,074 युवाओं का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं से अपील की कि वे 15 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे विशेष ‘माय भारत’ पंजीकरण अभियान के तहत पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।
बैठक में सिरमौर जिले में ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान जिला युवा अधिकारी, माय भारत सिरमौर अमृषा शर्मा ने बैठक के विभिन्न एजेंडों को क्रमवार प्रस्तुत किया तथा विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।










