Home हिमाचल प्रदेश हिमाचल में बर्फबारी के साथ ठंड का आगाज, लाहौल से रोहतांग तक...

हिमाचल में बर्फबारी के साथ ठंड का आगाज, लाहौल से रोहतांग तक ताजा हिमपात, काजा मनाली रोड भी बंद

109
0
Him Runner

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी के साथ ही सर्दियों ने दस्तक दे दी है। अक्तूबर की शुरुआत में ही बर्फबारी का आगाज हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है।

राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Jeevan Ayurveda Clinic

सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और लाहौल-स्पीति के अटल टनल, रोहतांग पास, सिस्सू और कोकसर में हल्का ताजा हिमपात देखने को मिला। गौरतलब है कि अक्तूबर महीने में इन इलाकों में बर्फबारी मौसम में बदलाव का बड़ा संकेत मानी जाती है।

कुल्लू और मनाली की ऊंची चोटियों के अलावा अटल टनल और लाहौल-स्पीति के निचले हिस्सों में भी बर्फ गिरी है। वहीं कांगड़ा की धौलाधार रेंज ने भी सफेद चादर ओढ़ ली है। मंडी जिले में सुबह-सुबह हुई बारिश और तूफान से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में सोमवार को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, जबकि कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजधानी शिमला में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। मनाली में रोहतांग पास, अटल टनल, मढ़ी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। रविवार को भी यहां बर्फ गिरी थी और अब तापमान और नीचे चला गया है।

लाहौल घाटी में भी मौसम ने करवट ली है। अटल टनल रोहतांग, सिस्सू, कोकसर समेत घाटी के अन्य इलाकों में बर्फबारी जारी है। अब तक करीब दो इंच तक बर्फ गिर चुकी है। बर्फबारी के चलते सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं।

लाहौल-स्पीति पुलिस ने सोमवार सुबह तक रोड स्टेटस रिपोर्ट जारी की है। कई मार्गों पर बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हुआ है और कुछ सड़कें पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। दारचा से शिंकुला और दारचा–सरचू–लेह (NH-003) मार्ग बर्फबारी के चलते बंद हैं। दारचा में करीब आधा इंच बर्फ दर्ज की गई है। वहीं, कोकसर से पलचान (रोहतांग पास मार्ग) और कोकसर से लोस्सर (कुंजुम टॉप मार्ग) भी खराब मौसम की वजह से बंद कर दिए गए हैं।

हालांकि केलांग से दरचा, केलांग से अटल टनल, अटल टनल से मनाली, टांडी से उदयपुर, उदयपुर से टिंडी-कधू नल्लाह, काजा से लोस्सर (NH-505) और सुमदो से काजा (NH-505) मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। इन इलाकों में भी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है।

पुलिस ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे बिना जरूरी कारण ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचें और सफर से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

मौसम विभाग शिमला ने चेतावनी दी है कि 9 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here