तीसा अस्पताल में डॉक्टर की असंवेदनशीलता का मामला: बेटी के इलाज के लिए पहुंची मां को मिला शर्मनाक जवाब, विधायक ने की सस्पेंशन की मांग
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा सिविल अस्पताल में एक मां और उसकी ढाई साल की बेटी के साथ हुई घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। महिला अपनी मासूम बेटी को देर रात अस्पताल लेकर पहुंची थी क्योंकि बच्ची को निजी अंग में जलन और तकलीफ हो रही थी।
मां का आरोप है कि रात के समय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इमरजेंसी वार्ड में मौजूद नर्स ने डॉक्टर को फोन कर बच्ची की स्थिति बताई, जिस पर डॉक्टर ने फोन पर ही दवाइयां लिखवा दीं। इस पर जब महिला ने नर्स से कहा कि डॉक्टर खुद मरीज को नहीं देखेंगे क्या, तो डॉक्टर की ओर से आया जवाब सुनकर वह दंग रह गई।
महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने कहा – “मैं उंगली डालकर थोड़ी ना चेक करूंगा।”
इस असंवेदनशील और अभद्र जवाब को सुनकर महिला रो पड़ी। उसने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद चुराह के विधायक हंसराज खुद तीसा अस्पताल पहुंचे और आरोपी डॉक्टर कुलभूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि ऐसे डॉक्टर की अस्पताल में कोई जगह नहीं है जो मरीजों से सम्मानपूर्वक बात तक न कर सके। उन्होंने डॉक्टर के सस्पेंशन की मांग करते हुए कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोरने वाली है।
वहीं, पीड़ित महिला ने मांग की है कि डॉक्टर और नर्स की कॉल डिटेल निकाली जाए और अस्पताल में लगे CCTV फुटेज की जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि अस्पताल वह जगह होती है जहां दर्द का इलाज होता है, लेकिन तीसा अस्पताल की इस घटना ने चिकित्सा सेवा की संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।










