हिमाचल प्रदेश की राजनीति से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यह कर दिखाया है। 12 दिसंबर को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद के ऐतिहासिक परिसर में उन्हें World Book of Records, London की ओर से ‘Youth Icon & Intellectual Politics’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्नी डॉ. अमनदीप कौर भी मौजूद रहीं।

यह सम्मान विक्रमादित्य सिंह को युवा नेतृत्व, बौद्धिक राजनीति और हिमाचल प्रदेश में आपदा के कठिन समय के दौरान निभाई गई उनकी सक्रिय और ज़मीनी भूमिका के लिए प्रदान किया गया। World Book of Records ने अपने चयन में माना कि वे आधुनिक राजनीति में विचार, संवेदनशीलता और प्रशासनिक संतुलन का प्रतिनिधित्व करते हैं।
संस्था के अनुसार, विक्रमादित्य सिंह न केवल नीतिगत निर्णयों में सक्रिय रहे, बल्कि संकट के समय स्वयं मैदान में उतरकर काम किया। यही वजह है कि वे युवाओं के बीच एक भरोसेमंद और प्रेरणादायक नेता के रूप में उभरे हैं।
यह अवॉर्ड लंदन के ऐतिहासिक पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर स्थित चर्चिल रूम में प्रदान किया गया, जो ब्रिटिश संसद परिसर का एक प्रतिष्ठित स्थल है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए भी खास महत्व रखता है।
अवॉर्ड ग्रहण करने के बाद विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश में विकास, आपदा प्रबंधन और बेहतर शासन के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिमाचली के रूप में वे प्रदेश की परंपराओं और मूल्यों के साथ विकास की दिशा में लगातार काम करते रहेंगे।
समारोह के दौरान उनकी पत्नी डॉ. अमनदीप कौर की मौजूदगी ने इस उपलब्धि को और भी विशेष बना दिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान न केवल एक मंत्री की उपलब्धि है, बल्कि हिमाचल प्रदेश और देश के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है।










