शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र अखिल कुमार शर्मा ने एक बार फिर प्रदेश और विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। हाल ही में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटीज़ एसोसिएशन (AIU) के तत्वावधान में आयोजित नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में अखिल ने सितार वादन में तृतीय स्थान हासिल किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चिट्टकारा यूनिवर्सिटी में 6 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें देशभर की यूनिवर्सिटीज़ के प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अखिल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।
अखिल वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संगीत वादन विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पहले भी वे एचपी यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में सितार वादन में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं, जिससे उनकी निरंतर सफलता का सिलसिला साफ दिखाई देता है।
इस प्रस्तुति के दौरान श्री राजेश ब्रह्म भट्ट ने तबला संगत कर अखिल का शानदार साथ दिया, जिससे प्रस्तुति और भी प्रभावशाली बन सकी। अपनी इस उपलब्धि के माध्यम से अखिल ने न केवल अपनी यूनिवर्सिटी बल्कि अपने परिवार और पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इसी उपलब्धि के आधार पर अब उनका चयन चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित होने वाले नेशनल यूथ फेस्टिवल के लिए हो गया है।










