हिमाचल प्रदेश के लिए आज गर्व का दिन है…एक ऐसा सम्मान, जिसने पूरे प्रदेश का मान बढ़ा दिया है।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, हिमाचल प्रदेश परिमंडल संजय सिंह को देश के प्रतिष्ठित “सारस्वत सम्मान (प्रशासनिक क्षेत्र)” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अखिल भारतीय सारस्वत परिषद द्वारा वाराणसी के बीएचयू परिसर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
यह सिर्फ एक पुरस्कार नहीं… बल्कि वर्षों की मेहनत, दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है।
श्री संजय सिंह को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रशासनिक क्षेत्र में उनके प्रभावी नेतृत्व, नवाचार आधारित कार्यशैली और संगठनात्मक दक्षता के लिए दिया गया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, राजस्व वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों तक डाक सेवाओं की मजबूत पहुँच सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है।
दुर्गम पहाड़ी इलाकों में भी सेवाओं को सुगम बनाना…
पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना…
और डाक विभाग को आधुनिकता की ओर अग्रसर करना…
ये वो पहलें हैं जिन्होंने उनके कार्यकाल को विशिष्ट बनाया है।
वित्तीय समावेशन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से लेकर प्रशासनिक सुधारों तक, उनके नेतृत्व में परिमंडल ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
कार्यक्रम में देशभर की विशिष्ट विभूतियों की उपस्थिति रही और चयनित अधिकारियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री संजय सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए इसे पूरे परिमंडल के लिए गर्व का क्षण बताया।
यह सम्मान सिर्फ एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं…
बल्कि हिमाचल प्रदेश की कार्यसंस्कृति और समर्पण की पहचान है।
ऐसे ही कर्मयोगियों की वजह से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो रहा है।









