राजगढ़ व इसके आसपास के इलाके के जरुरतमंद, बेसहारा और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए अब उम्मीद की एक नई किरण जगी है। क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल महाराज के नाम पर बनी शिरगुल जन सेवा समिति ने एक मिसाल पेश करते हुए फैसला किया है कि हर महीने ऐसे जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहयोग दिया जाएगा जिन्हें सच में जरूरत होगी ,,,
समिति के संस्थापक रविंद्र कंवर ने बताया कि लगभग 150 सदस्य हर महीने चंदा एकत्र कर एक कोष तैयार कर रहे हैं। इसी कोष से इलाके के चुनिंदा जरूरतमंदों को प्रति माह 2,000 रुपये की मदद दी जाएगी, ताकि उनकी जिंदगी में थोड़ा सहारा और मुस्कान लौट सके।हाल ही में समिति ने नौहराधार के बादल और कुटवी गांव के दो गंभीर रूप से बीमार मरीजों, राहुल और सुरेंद्र, को 5-5 हजार रुपये की सहायता दी। इनमें से एक मरीज को समिति हर महीने 2,000 रुपये देगी। इसके अलावा, नागरिक अस्पताल राजगढ़ में भर्ती तीन रोगियों को भी 2-2 हजार रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाई गई।
समिति की सामाजिक सेवा सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। हाल ही में मंडी में आई प्राकृतिक आपदामें भी शिरगुल जन सेवा समिति ने 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देकर संवेदनशीलता और एकजुटता का परिचय दिया। शिरगुल जन सेवा समिति का कहना है कि हमारा मकसद है कि कोई भी व्यक्ति बेसहारा और अकेला महसूस न करे। समाज मिलकर अगर हाथ बढ़ाए, तो कई जिंदगियां बदल सकती हैं










