नाहन, 10 जुलाई:
हिमाचल प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सिरमौर जिले में विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विकास खंड शिलाई की अजरौली और शखोली पंचायतों में फोक मीडिया कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां विभागीय अनुमोदित दल आरूषी ग्रामीण संस्थान ने गीतों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत कच्चे मकान या आवासहीन पात्र परिवारों को नया मकान बनाने के लिए 1.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।
स्वर्ण जयंती आश्रय योजना की पात्रता
कार्यक्रम में बताया गया कि योजना का लाभ उन्हीं पात्र व्यक्तियों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं है तथा उनके नाम कम से कम 2 बिस्वा भूमि दर्ज हो। आवेदन के लिए आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र, भूमि की जमाबंदी और पंचायत सचिव द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित प्रपत्र तहसील कल्याण अधिकारी या जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।
स्वरोजगार और शिक्षा ऋण योजनाओं की भी दी जानकारी
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। इसमें स्वरोजगार योजना के तहत 10 हजार रुपये का अनुदान और 50 हजार रुपये तक का ऋण, हस्तशिल्प विकास योजना तथा ब्याज मुक्त शिक्षा ऋण योजना की जानकारी दी गई।
कलाकारों ने बताया कि तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए 75 हजार रुपये तक का ऋण बिना ब्याज उपलब्ध कराया जाता है, जबकि 75 हजार से 1.50 लाख रुपये तक का ऋण मात्र 4 प्रतिशत ब्याज पर दिया जाता है।
नशा मुक्ति का भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रस्तुति देकर युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। लोगों से समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पंचायत अजरौली के प्रधान अभय धामटा, उपप्रधान कल्याण शर्मा, पूर्व प्रधान अमर सिंह, वार्ड सदस्य मनोज जींटा, महिला मंडल प्रधान सरजू देवी तथा पंचायत शखोली की प्रधान कौशल्या देवी, महिला मंडल प्रधान रेखा देवी, वार्ड सदस्य ज्ञान प्रकाश, सिलाई अध्यापिका वीना देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।










